11 जनवरी 2026
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारतीय सांस्कृतिक धरोहर और पारंपरिक खेलों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। नववर्ष के अवसर पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के आवास पर आयोजित एक विशेष समारोह में ट्रैडिशनल स्पोर्ट्स एंड गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया से संबद्ध संस्था—योगासना स्पोर्ट्स फाउंडेशन ऑफ उत्तर प्रदेश ने नम्रता पाठक को संस्था का संरक्षक मनोनीत किया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण करते हुए योग और खेलों के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
समारोह के दौरान योगासना स्पोर्ट्स फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने योगासन एवं भारतीय पारंपरिक खेलों की महत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि ये खेल भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने कहा,
“युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने के लिए पारंपरिक खेलों और योग को जन-जन तक पहुँचाना आज की आवश्यकता है।”
उन्होंने राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
यह आयोजन योगासना स्पोर्ट्स फाउंडेशन की संरक्षक ममता जिंदल के विशेष प्रयासों से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान संस्था की आगामी कार्ययोजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। फाउंडेशन के महासचिव डॉ. महेश लाल एवं कोषाध्यक्ष आचार्य सुरेश कुमार ने बताया कि निकट भविष्य में राज्य स्तर पर विशेष प्रशिक्षण शिविर, प्रतियोगिताएँ और जन-जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में साक्षी रावत, आयुषी राय, पलक सिंह और सृजन यादव सहित फाउंडेशन के अनेक प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि आधुनिकता की दौड़ में उपेक्षित हो रहे भारतीय पारंपरिक खेलों को पुनर्जीवित कर युवाओं को उनके सांस्कृतिक मूल्यों, संस्कारों और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ा जाएगा।



0 Comments